

जालंधर कैंट: रामा मंडी के साथ लगते ढिलवां रोड पर मंगलवार तड़के करीब 3:18 बजे चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाया। दो दुकानों में चोर नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए, जबकि एक में चोरी की कोशिश नाकाम रही।
सबसे पहले चोरों ने बत्रा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मोबाइल हब में सेंध लगाई। दुकान मालिक निपुण बत्रा ने बताया कि चोर दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब ₹25,000 है, और ₹12,000 नकद लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
इसके बाद चोरों ने मन्नत मेडिकोज को निशाना बनाया, जहां यह पांचवीं बार चोरी की वारदात हुई है। दुकान मालिक अतिंदर पाल सिंह ने बताया कि सुबह लगभग 7 बजे चोरी की सूचना मिली। चोर दुकान से करीब ₹2,000 नकदी लेकर फरार हो गए।
तीसरी कोशिश साथ लगती सत्कार टॉयज़ की दुकान में की गई, जहां चोरों ने सेंट्रल लॉक उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन अंदर घुस नहीं पाए। दुकान मालिक कुलदीप सिंह ने बताया कि गनीमत रही कि दुकान में प्रवेश नहीं हो सका, वरना नुकसान और बढ़ सकता था।
सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति साफ दिखाई दे रहा है, जिसने कम्बल से चेहरा ढका हुआ है। थाना रामा मंडी और दकोहा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी जल्द पकड़े जा सकें।




